चित्रकूट/मानिकपुर। पिकअप का पीछा कर लूट का प्रयास के मामले में फंसे छह युवकों को पुलिस ने जांच के बाद राहत दी है। सभी आरोपी पढऩे वाले छात्र होने से पुलिस ने गहन छानबीन की तो पता चला कि कोई लूट का इरादा नहीं बल्कि सडक़ पर पानी का छींटा व पिकअप की टक्कर से बाइक गिरने से युवक नाराज हुए थे। चालक व परिचालक को पीटने के लिए पीछा किया था। वहीं चालक व खलासी पर भ्रम फैलाने को लेकर भी कार्रवाई की गई है।
छह दिनपूर्व मानिकपुर मारकुंडी मार्ग के झरी रेलवे फाटक के पास पिकअप का पीछा करने के मामले में गुरुवार को जांच टीम व एसओजी ने कई जगह के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद मानिकपुर गोविंदनगर निवासी आशीष द्विवेदी , गांधीनगर निवासी सागर उर्फ मुक्कू सोनकर, रेलवे कालोनी मानिकपुर निवासी अमित कुमार, पटेल नगर निवासी सत्येन्द्र पाल ,नागेन्द्र पाल, जवाहरनगर निवासी हिमांशू मिश्रा को पकड़ा। इस मामले में एसपी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि छह आरोपी सभी पढऩे वाले छात्र हैं। इन्होंने पुलिस के भय से अभी तक नहीं बताया था कि कोई लूट का इरादा नहीं बल्कि चालक व खलासी को पीटने के लिए पीछा किया था। पूरी जानकारी के बाद इनके खिलाफ दर्ज लूट के प्रयास की धारा हटा ली गई है। चालक व खलासी को पुलिस को भ्रमित करने पर कार्रवाई की गई है।
मानिकपुरथाना प्रभारी श्रीप्रकाश यादव ने बताया कि आरोपी छह युवक समेत चालक व खलासी के खिलाफ प्रथम दृष्टया शांति भंग की कार्रवाई कर पुलिस ने जांच जारी रखी है। सभी आरोपियों को जमानत पर छोड़ा गया है।