चित्रकूट। प्रदेश के खाद्य एवं रसद व नागरिक आपूर्ति राज्यमंत्री रणवेंद्र प्रताप सिंह उर्फ धुन्नी ने जिले में राशन कोटे की दुकानों का निरीक्षण किया। एक दुकान में कमी पाए जाने पर जांच के आदेश दिए।
पहाड़ी विकासखंड के चिल्ला माफी गांव स्थित कोटेदार की दुकान का निरीक्षण किया। जहां पर कुछ ही राशन कार्ड धारकों को राशन सामग्री मिली थी। इसके लिए ग्रामीणों ने कोटेदार की शिकायत की थी। जिस पर मंत्री ने इस मामले की जांच करा कार्रवाई करने के निर्देश जिला खाद्य आपूर्ति अधिकारी को दिए। उन्होंने कुचराम गांव का भी निरीक्षण किया। वहीं डाक बंगले में खाद्य आपूर्ति व रसद विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की।
इसमें राशन वितरण व अन्य जानकारी ली। उन्होेंने कहा कि सभी राशनकार्ड धारकों को सामग्री दी जाए। जरूरतमंदों के राशन कार्ड बनाए जाएं। उन्होंने गेहूं क्रय केंद्रों में हुई खरीद व किसानों के भुगतान के विषय में जानकारी ली। इस मौके पर सांसद आर के सिंह पटेल, जिलाध्यक्ष चंद्र प्रकाश खरे, पूर्व सांसद भैरों प्रसाद मिश्र, शक्ति प्रताप सिंह, पंकज अग्रवाल, रामसागर चतुर्वेदी, राघवेंद्र प्रताप सिंह, आनंद प्रताप सिंह, आदि मौजूद रहे।