चित्रकूट। एक आश्रम के महंत सत्यप्रकाश दास पर दुष्कर्म का आरोप लगाने वाली महिला ने शनिवार को कोतवाली में पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई। साथ ही आरोपियों की गिरफ्तारी भी मांग की है।
मप्र के सतना जिले की निवासी एक महिला ने बताया कि उसके पति चित्रकूट के महंत सत्यप्रकाश दास के साथ रहते थे। इसके चलते महंत के विरुद्ध पहाड़ी थाना में हत्या के प्रयास के एक मामले में उसके पति को भी सह अभियुक्त बनाया गया था। वर्ष 2016 में उसके पति महंत सत्यप्रकाश दास के साथ जेल में थे। इसके चलते मुकदमे की पैरवी के लिए वह चित्रकूट आती थी और यज्ञवेदी निर्वाणी अखाड़ा में रुकती थी। जहां महंत के भाई जय प्रकाश ने उसे एक कमरा दिला दिया था। आरोप है कि कमरा दिलाने के बाद पति के जेल में रहने से जय प्रकाश ने डरा धमकाकर उससे शारीरिक संबंध बनाए थे। मना करने व विरोध करने पर पति को जेल में बंद रखने और जान से मरवाने की धमकी देता था। इस दौरान जय प्रकाश अपने भाई महंत सत्यप्रकाश दास और अपने रिश्तेदार अरविंद मिश्रा के साथ लगातार उसका शारीरिक शोषण करते रहे और इसकी जानकारी किसी को देने पर जान से मारने की धमकी भी देते रहे।
महिला के अनुसार इस मामले में पहले रिपोर्ट दर्ज होने के बाद मामला अदालत में चला है। इस पर अदालत ने मामले की दोबारा विवेचना करने के निर्देश कर्वी कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक को दिए हैं। इस पर शनिवार को पीड़िता ने कर्वी कोतवाली में पत्र देकर आरोपी महंत को गिरफ्तार किए जाने की मांग की। इस संबंध में कोतवाल श्याम प्रताप पटेल ने बताया कि मामले की जानकारी की जा रही है।