चित्रकूट। रैपुरा थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने भतीजे पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है। महिला ने पुलिस अधीक्षक को पत्र भेज कर घटना की रिपोर्ट दर्ज कराकर कानूनी कार्यवाही की मांग की है।
महिला ने बताया कि उसके पति जिला मुख्यालय में रहते हैं और ड्राइवरी करते हैं। बताया कि पति का संयुक्त पैतृक मकान है। जिसमें उसके मकान पर वह गृहस्थी का सामान रखे थी। इस मकान पर उसके जेठ आदि कब्जे की नीयत रखते हैं। उसके हिस्से में एक दीवार भी खड़ी करा दी है। गुरुवार को जब आंधी आई तो वह घर के बरामदे में बैठी थी।
उसका भतीजा घर आया। उसने घर की दीवार दिखाने की बात कहकर उसे जबरन पकड़ ले गया और दुष्कर्म किया। बताया कि वह विरोध कर रही थी तो उसने पिटाई की और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद जब उसने जेठानी से मामले की शिकायत की तो उसने अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए भगा दिया।
महिला ने बताया कि रात को जब पति घर आए तो घटना की जानकारी दी। इसके बाद शुक्रवार को थाने जाकर मामले की जानकारी दी है। उधर इस मामले में थाना प्रभारी रमेश चंद्र ने बताया कि ऐसी कोई शिकायत उनके थाने में अभी तक नहीं आई है। यदि ऐसा है तो जांच के बाद उचित कार्रवाई होगी।