चित्रकूट। जगद्गुरु रामभद्राचार्य दिव्यांग राज्य विश्वविद्यालय ने सम सेमेस्टर सत्र 2025-26 की परीक्षाओं के परिणाम सोमवार को घोषित कर दिए। विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी संकायों और पाठ्यक्रमों के परीक्षा परिणाम आधिकारिक वेबसाइट पर जारी कर दिए हैं। परिणाम घोषित होने के बाद विद्यार्थियों में उत्साह देखा गया।
परीक्षा नियंत्रक डॉ. अमित अग्निहोत्री ने बताया कि परीक्षा परिणाम निर्धारित समय के भीतर पूरी पारदर्शिता और शुद्धता के साथ घोषित किए गए हैं। कुलपति प्रो. शिशिर कुमार पांडेय ने कहा कि विश्वविद्यालय दिव्यांग विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, निष्पक्ष मूल्यांकन और बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने परीक्षा कार्य में लगे कर्मचारियों और विद्यार्थियों को उत्कृष्ट कार्य के लिए बधाई दी। कुलसचिव मधुरेंद्र कुमार पर्वत ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि छात्र आगे की प्रक्रिया और आवश्यक जानकारी के लिए विश्वविद्यालय के छात्र सहायता केंद्र से संपर्क कर सकते हैं।