पहाड़ी (चित्रकूट)। लोहदा स्थित मां बालकेश्वरी देवी धाम में दंगल का आयोजन किया गया। अखाड़े में दूर-दराज से आए पहलवानों ने दमखम दिखाया। महिला पहलवानों ने भी जीत के लिए जोर आजमाइश की।
मऊ टिटिहरा के राजू ने खुरहंड के शान सिंह को धराशाई किया। मझींवा के रामफल ने धारपुर के फूल सिंह को धूल चटाई। भरका के राजेश ने रायबरेली के अमित को करारी शिकस्त दी। महुआ गांवकर के उमेश ने परना के नंदू को पटकनी दी।
महुआ गौतभरी के शिवलोचन ने बनारस के अजय और मऊ टिटिहरा के उदय ने रायबरेली के अजीत को परास्त किया। आयोजन में कन्या पूजन कर उन्हें भोज कराया और दान दक्षिणा दी। भाजपा नेता जगदीश गौतम ने आयोजन में सहयोग किया। कामदनाथ मंदिर के पीठाधीश्वर मदन गोपाल दास ने पहलवानों से हाथ मिलाकर कुश्ती का शुभारंभ कराया।