21 सीकेटीपी-17-नगर पंचायत कार्यालय में भरा पानी। संवाद
राजापुर/मऊ। लगातार दो दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश ने राजापुर नगर की जलनिकासी व्यवस्था की पोल खुल गई है। नगर की अधिकांश गलियां और मोहल्लों में जलभराव हो गया। सबसे ज्यादा परेशानी देवी जी तिराहा स्थित कंपोजिट विद्यालय में देखने को मिल रही है, जहां पूरा परिसर कई फीट पानी में डूबा हुआ है।
कंपोजिट विद्यालय के मुख्य प्रवेश मार्ग पर जलभराव होने से छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शिक्षक किसी तरह ऊंचे स्थानों के सहारे विद्यालय पहुंच रहे हैं, वहीं छोटे बच्चे पानी से होकर कक्षाओं तक जाने को मजबूर हैं। प्रधानाध्यापक ब्रजेश शुक्ला ने बताया कि बारिश में विद्यालय परिसर में जलभराव की समस्या हर साल होती है। कई बार विभागीय अधिकारियों और नगर पंचायत को इसकी जानकारी दी गई, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हो सका।
नगर के नरेंद्र, रामबाबू का कहना है कि राजापुर में जलनिकासी की समस्या वर्षों पुरानी है। बारिश से पहले व्यवस्था दुरुस्त करने के दावे किए जाते हैं, लेकिन पहली तेज बारिश में ही व्यवस्थाओं की पोल खुल जाती है। वहीं बारिश के बाद मऊ परदवां रोड पर आवागमन मुश्किल हो गया है। सड़क पर बने नए पुलों की एप्रोच रोड पर मिट्टी पड़ी है। जो अब कीचड़ में बदल गई है, जिससे पैदल राहगीरों से लेकर वाहन चालकों तक को परेशानी उठानी पड़ रही है। संवाद
21 सीकेटीपी-17-नगर पंचायत कार्यालय में भरा पानी। संवाद