कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक के दौरान निर्देश देतीं डीएम मोनिका रानी।
- फोटो : amarujala
डीएम मोनिका रानी की अध्यक्षता में समग्र ग्रामों के नोडल अधिकारी व संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ विकास कार्यों की समीक्षा बैठक हुई। जिसमें राजापुर तहसीलदार के गैरहाजिर रहने पर प्रतिकूल प्रविष्ट देने और सरकार की योजनाओं के बंद काम शुरू न करने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
कलेक्ट्रेट सभागार में डीएम ने कहा कि जिन-जिन विभागों के कार्य अभी शुरू नहीं कराए गए हैं, उन्हें तत्काल शुरू कराएं। विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों के खाते में जब तक धनराशि नहीं पहुंचेगी, तब तक संबंधित अधिकारी व कर्मचारी को वेतन नहीं दिया जाएगा। कहा कि जिस तरह से जनपद के सरैंया स्कूल का पूरे प्रदेश में साफ-सफाई, पठन-पाठन आदि कार्यों में नंबर एक स्थान आया है, उसी तरह सभी अपनी जिम्मेदारी निभाएं।
समाजवादी पेंशन की समीक्षा में कहा कि इसमें समाज कल्याण विभाग द्वारा हेराफेरी की गई है। लाभार्थियों के खाते का पैसा दूसरे लाभार्थियों के खाते में भेजा गया है। यह खेद का विषय है। इसकी सीडीओ गहनता से जांच कर संबंधित लिपिक, ग्राम पंचायत अधिकारी व बैंक के अधिकारियों के खिलाफ जांच करें और दोषी पाए जाने पर एफ.आईआर दर्ज कराएं। बैठक में सीडीओ ए दिनेश कुमार, एसडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह, डीडीओ अजितेंद्र नारायण मिश्र, पीडी ज्ञानेंद्र त्रिवेदी, डीपीआरओ रामपाल सिंह आदि मौजूद रहे।