चित्रकूट। बुधवार की दोपहर दो घंटे झमाझम बारिश से शहर के लक्ष्मणपुरी मोहल्ले का नाला टूट गया। इससे राष्ट्रीय राजमार्ग के ऊपर तक पानी बहकर दुकान और घरों में घुस गया। इससे रास्ते में जाम लग गया। आक्रोशित लोगों ने प्रदर्शन कर कहा कि दो साल से नाला बनवाने की मांग की जा रही है, लेकिन सुनवाई नहीं हो रही। एलआईसी तिराहे में पानी भर जाने से निकलना मुश्किल हो गया।
तेज बारिश से शहर के लक्ष्मणपुरी मोहल्ले व द्वारिकापुरी मोहल्ले के नाले ऊफना गए। इससे राष्ट्रीय राजमार्ग में जलभराव हो गया। पानी अधिक भर जाने से वाहनों का खड़े हो जाने से जाम लग गया। जब पानी कुछ कम हुआ तो ट्रैफिक पुलिस कर्मियों ने किसी तरह से वाहनों को निकलवाया।
शहर के ट्रैफिक तिराहे के भी सड़क पर पानी भर गया। इससे छात्र-छात्राओं सहित अन्य को भरे पानी के बीच से निकलना पड़ा। डाक विभाग के सेवा निवृत्त कर्मचारी जगमोहन यादव ने बताया कि नाले के पानी की निकासी के लिए सही रास्ता नहीं होने व नाला खुला होने से जब कभी बरसात होती है तो इस तरह की समस्या हो जाती है। बुधवार को अधिक बारिश होने से राष्ट्रीय राजमार्ग में ही पानी भर गया। इससे जाम लग गया। व्यापारी नेता रामबाबू गुप्ता ने बताया कि लक्ष्मणपुरी मोहल्ले का नाला बस्ती के बीच से निकाला गया है। जिससे बारिश होने से घरों में पानी भर जाता है।