चित्रकूट। मानिकपुर से इरादतगंज तक बिछाई जाने वाली तीसरी रेल लाइन के लिए डीजीपीएस मशीन से सर्वे कार्य पूरा हो गया है। अब रेलवे और विभिन्न विभागों की एक संयुक्त टीम इस परियोजना का मुआयना करेगी। इस टीम के गठन की तैयारी शुरू हो गई है।
यह तीसरी रेल लाइन प्रयागराज-मानिकपुर के बीच 84 किमी लंबी होगी। यह इरादतगंज-मानिकपुर से शुरू होकर जसरा, लोहगरा, शंकरगढ़ और डभौरा जैसे महत्वपूर्ण स्टेशनों से गुजरेगी। परियोजना के पहले चरण में मानिकपुर से जसरा तक के 30 किमी भूमि की मैपिंग पूरी हो चुकी है। शेष 54 किमी के लिए जमीन की नापजोख की जा रही है। पहले फीता से नापजोख में गड़बड़ी की संभावना रहती थी। इसलिए रेलवे ने आधुनिक डीजीपीएस मशीन से सर्वे किया। इस सर्वे से रेलवे ने अपनी सीमा तय कर दी है।
संयुक्त टीम का गठन
अब रेलवे जमीन सर्वेक्षण के लिए संयुक्त टीम के साथ निरीक्षण करेगी। इस टीम में रेलवे के साथ राजस्व, वन, बिजली, लोक निर्माण विभाग और चकबंदी जैसे संबंधित विभागों के अधिकारी शामिल होंगे। यह टीम अपने-अपने विभागों से संबंधित पहलुओं का आकलन करेगी। उत्तर मध्य रेलवे प्रयागराज के सहायक अधिशासी अभियंता निर्माण प्रवीण कुमार पांडेय ने बताया कि डीजीपीएस मशीन से सटीक सीमांकन हो गया है। अब संयुक्त टीम निरीक्षण कर आकलन रिपोर्ट तैयार कर अपनी रिपोर्ट देगी।