चित्रकूट। जिले में मौसम का मिजाज लगातार बदला हुआ है और आने वाले तीन दिन तक राहत मिलने के आसार नहीं हैं। मौसम विभाग ने शुक्रवार और शनिवार के लिए येलो अलर्ट जारी किया है, जबकि शनिवार से रविवार में स्थिति और गंभीर होने की आशंका को देख ऑरेंज अलर्ट घोषित किया है। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार शुक्रवार और शनिवार को 20 से 25 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती हैं। इसके साथ बिजली गिरने और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं शनिवार से रविवार के बीच मौसम और ज्यादा खराब हो सकता है, इस दौरान तेज हवा, बारिश, बिजली गिरने के साथ ओलावृष्टि की भी आशंका है।
इस दौरान तापमान में भी उतार-चढ़ाव बना रहेगा। अधिकतम तापमान 32 से 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20 से 22 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। मौसम वैज्ञानिक अंकुर त्रिपाठी ने बताया कि दो पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण मौसम में यह बदलाव देखने को मिल रहा है। इनके प्रभाव से अगले तीन दिनों तक जिले में तेज हवा के साथ बारिश और ओलावृष्टि की स्थिति बनी रह सकती है।