फोटो-14 सीकेटीपी 14 व्हाइट हाउस में जांच करती जीएसटी एसआईबी की टीम व मौजूद संचालक। स्रोत: कर्मी
चित्रकूट। शहर के एक बड़े क्रशर और पत्थर खदान संचालक महेश प्रसाद जायसवाल के ठिकानों पर राज्य कर विभाग की स्पेशल इन्वेस्टिगेशन ब्रांच (एसआईबी) ने छापा मारा। व्हाइट हाउस समेत तीन स्थानों पर टीम ने यह कार्रवाई की। इस कार्रवाई में टीम ने आय-व्यय के लेखे-जोखे की छानबीन की। जांच में कैश काउंटर 1.60 लाख रुपये भी मिले। जांच में प्रथमदृष्टया टीम ने 20 लाख रुपये की जीएसटी चोरी पकड़ी। अब इस मामले में संचालक को नोटिस जारी करेगी। इसके जरिए सात दिन में यह राशि जमा करने का समय दिया जाएगा।
राज्य कर विभाग की एसआईबी के संयुक्त कमिश्नर संतोष कुमार वर्मा के निर्देश पर डिप्टी कमिश्नर अवध कुमार पटेल की अगुवाई में टीम सबसे पहले भरतकूप के गोडा स्थित क्रशर व पत्थर खदान गई। उनके साथ में सहायक आयुक्त जुबेर अहमद, वरुण कुमार, नदीम खान, राज्य कर अधिकारी सुमित कुमार, राज कुमार गुप्ता सहित अन्य मौजूद थे। टीम को जांच में क्रशर करीब तीन महीने से बंद मिला लेकिन कागज में उसे दो दिन पहले ही संचालित पाया। वहां पर अभी कोई काम शुरू नहीं था। वहां से टीम पत्थर खदान पहुंची। वहां कागजात खंगाले। जांच में खदान भी करीब दो माह से बंद बताया गया।
यहां की टीम को टीम को कुछ खास नहीं मिला। इसके बाद यह टीम दोपहर करीब तीन बजे बेड़ी पुलिया स्थित एमपी जायसवाल के व्हाइट हाउस पहुंची। यहां पर संचालक जायसवाल समेत अन्य कर्मचारियों से पूछताछ की। साथ ही टीम ने क्रशर, खदान, वाहनों और जमीनों के कागजातों का अवलोकन किया। अभिलेखों की जांच में टीम ने करीब 20 लाख रुपये की जीएसटी चोरी सामने आई। संयुक्त कमिश्नर संतोष कुमार वर्मा ने बताया कि जांच में करीब 20 लाख रुपये की जीएसटी चोरी पकड़ी गई है। एक सप्ताह में रुपये जमा करने के निर्देश दिए गए हैं। संचालक को नोटिस भी जारी की जाएगी।