चित्रकूट। भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (बीईएल) को रक्षा औद्योगिक गलियारे के नोड में 75 हेक्टेयर भूमि आवंटित की गई है। यह कदम बुंदेलखंड क्षेत्र में रक्षा उत्पादन को नई दिशा देने वाला है। बीईएल इस परियोजना में 562.5 करोड़ रुपये का निवेश करेगा, जिससे 500 से 600 से ज्यादा प्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होंगे।
यह निवेश अत्याधुनिक रडार और वायु रक्षा प्रणालियों के निर्माण के लिए एक इकाई स्थापित करने में किया जाएगा। इस इकाई की स्थापना से स्थानीय युवाओं को अपने ही क्षेत्र में रोजगार मिलेगा। इससे क्षेत्र से होने वाले पलायन में कमी आएगी। परियोजना से अप्रत्यक्ष रूप से भी बड़ी संख्या में लोगों को काम मिलने की उम्मीद है। यह इकाई तकनीकी कौशल, नवाचार और अनुसंधान गतिविधियों को भी बढ़ावा देगी।
जिलाधिकारी पुलकित गर्ग ने बताया कि चित्रकूट अपनी बेहतर कनेक्टिविटी और भौगोलिक अनुकूलता के चलते रक्षा विनिर्माण के लिए उपयुक्त स्थान बनकर उभर रहा है। बीईएल का 562.5 करोड़ रुपये का निवेश रडार और वायु रक्षा प्रणालियों के निर्माण पर केंद्रित होगा। इस अत्याधुनिक इकाई से 500-600 से अधिक लोगों को सीधा रोजगार मिलेगा। इसके अतिरिक्त, बड़ी संख्या में अप्रत्यक्ष रोजगार भी सृजित होंगे। यह स्थानीय युवाओं के लिए अपने गृह क्षेत्र में काम करने का अवसर प्रदान करेगा। इससे उन्हें रोजगार के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा। यह परियोजना न केवल औद्योगिक विकास को गति देगी, बल्कि बुंदेलखंड जैसे पिछड़े क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों को भी नई ऊर्जा प्रदान करेगी।