चित्रकूट। देवदूत वानर सेना का प्रांतीय सम्मेलन आयोजित किया गया। संरक्षक धनंजय सिंह ने कहा कि जरूरतमंदों की मदद करने के साथ ही सरकारी योजनाओं का लाभ पात्रों तक पहुंचाने का काम करें। यदि सरकार की योजना का लाभ जरूरतमंद को नहीं मिल रहा तो फिर संस्था उसकी हर संभव मदद करने के लिए आगे आएगी।
रविवार को देवदूत वानर सेना का प्रांतीय सम्मेलन शहर के किशोर रिसॉर्ट में हुआ। इसमें प्रदेश भर के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने शिरकत की। संरक्षक के साथ संस्थापक अजीत प्रताप सिंह, केडी सिंह, शिवशंकर सिंह व अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष प्रीति श्रीवास्तव ने सम्मेलन का शुभारंभ किया। संरक्षक ने कहा कि उनकी सेना मानवता की अलख जगा रही है।
जरूरतमंदों की मदद सेना आपस में मिलकर करती है। इसमें कुछ परिवर्तन लाने की जरूरत है। सरकारें भी तमाम योजनाएं चलाती हैं लाखों करोड़ों का बजट दिखाती हैं तो फिर जरूरतमंदों को सरकारी योजना से पहले लाभ दिलाने का काम करें। जब सरकारी सिस्टम फेल नजर आए तो फिर सेना मदद करे। संस्थापक अजीत प्रताप सिंह ने कहा कि चित्रकूट के सम्मेलन में दिख रहा उत्साह इसका संकेत है कि अब क्षेत्र में कार्यकर्ता जरूरतमंदों की मदद करने आगे आएंगे। इस सेना की स्थापना का लक्ष्य पूरा भी तभी होगा। गरीबोंं की मदद करना अहम है।
दिनभर चले कार्यक्रम में गीत संगीत, आल्हा की प्रस्तुति हुई। अच्छा काम करने वालों को सम्मानित किया गया। देवदूत वानर सेना के हर्षवर्धन सिंह, पुष्पराज सिंह, अनिल द्विवेदी, पूर्व सांसद भैरो प्रसाद मिश्र, पूर्व विधायक दलजीत सिंह, पूर्व विधायक आनंद शुक्ला, पूर्व मंत्री चंद्रिका प्रसाद उपाध्याय समेत मातृशक्ति जिला प्रमुख तृप्ति तिवारी, कुमुदराय, कुमकुम पांडेय मौजूद रहीं।