कृषक इंटर कालेज भौंरी के प्रबंधक दादू भाई मिश्र ने कालेज के प्रधानाचार्य डा. त्रिभुवन प्रसाद पाठक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। उन्होंने बताया कि इन पर भ्रष्टाचार में संलिप्तता, बेइमानी, विद्यालय की छात्र निधियों का दुरुपयोग आदि गंभीर आरोप हैं।
प्रबंधक ने बताया कि इस संबंध में रविवार को विद्यालय प्रबंध समिति की आपात बैठक बुलाई गई थी। इसकी अध्यक्षता प्रबंध समिति के अध्यक्ष महानंद मिश्र ने की थी। प्रबंधक ने बताया कि समिति के उपाध्यक्ष बद्री विशाल त्रिपाठी ने विद्यालय के
प्रधानाचार्य डा. त्रिभुवन प्रसाद पाठक पर विद्यालय में वित्तीय अनियमितता, भ्रष्टाचार में संलिप्तता, बेइमानी, अनअधीनता, जानबूझकर कर्त्तव्यों की अवहेलना, आपराधिक कार्यों में संलिप्तता, प्रबंधकीय विवादों में संलिप्तता, घोर अनधीनता सहित कुल
सोलह बिंदुओं की लिखित शिकायत जिला विद्यालय निरीक्षक से की थी और इसकी जांच की मांग की थी। जिला विद्यालय निरीक्षक ने पुरुषोत्तम द्विवेदी इंटर कालेज मऊ, सुभाष इंटर कालेज इटवां और राजकीय इंटर कालेज बरगढ़ के प्रधानाचार्यों की तीन सदस्यीय टीम बनाकर इन सभी बिंदुओं पर जांच कराई थी।
उन्होंने बताया कि जांच में पाए गए दोष के सापेक्ष डा. पाठक पर कार्यवाही के लिए विद्यालय प्रबंध समिति को निर्देशित किया गया था। प्रबंधक के अनुसार, बैठक में इसकी जानकारी देने के बाद निर्णय लिया गया कि उनको कालेज से निलंबित कर दिया जाए।
प्रबंधक ने बताया कि डा. पाठक को जीवन निर्वाह भत्ते की धनराशि अर्द्धवेतन पर देय अवकाश वेतन की राशि के बराबर देय होगी। उन्हें जीवन निर्वाह भत्ते की धनराशि पर महंगाई भत्ता, यदि ऐसे अवकाश वेतन पर देय है, भी अनुमन्य होगा।
बताया कि इनकी जगह राजेंद्र कुमार यादव को प्रभारी बनाया गया है। उधर, इस संबंध में जब डा. पाठक से बात करने की कोशिश की गई तो उनका मोबाइल घंटी जाने के बाद भी नहीं उठा।