फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

महादेवन में बलखड़िया का कहर

Thu, 19 Feb 2015 11:03 PM IST
ब्यूरो/ अमर उजाला, चित्रकूट
विज्ञापन
विज्ञापन
बलखड़िया का फिर कहर टूटा। इस बार उसका निशाना बने रसिन गांव के मजरे महादेवन के पास चेकडैम का काम करा रहे ठेकेदार के कर्मचारी। डकैतों ने ग्रामीणों को भी बेरहमी से पीटा। सीमेंट की बोरियां जला दीं, पंपिंग सेट तोड़ दिए। मिक्सर मशीन और पंपिंग सेट पानी में फेंक दिए।
विज्ञापन


जाते-जाते चेतावनी दी कि जब तक पैसा नहीं मिलेगा, काम शुरू नहीं करना। घटना की जानकारी देने के लगभग डेढ़ घंटे बाद पुलिस पहुंची। सुबह अपर पुलिस अधीक्षक आरडी चौरसिया ने मौके का मुआयना किया। उन्होंने कहा कि प्रथमदृष्टया यह बलखड़िया गिरोह का ही काम लग रहा है। गांव में दहशत है। एहतियात के तौर पर पुलिस बल तैनात किया गया है।

भरतकूप चौकी के अंतर्गत रसिन गांव के मजरे महादेवन में लघु सिंचाई विभाग बाणगंगा नदी पर चेकडैम बनवा रहा है। इसका ठेका बांदा निवासी अनुज सिंह को मिला है।
विज्ञापन


अनुज सिंह ने बताया कि बुधवार की रात करीब नौ से दस बजे के बीच उनके चौकीदार चुनबादी ने फोन कर बताया कि बदमाश आए हैं और मेठ सुनंदन पुत्र रमपतिया निवासी रसिन को पीट रहे हैं। इस पर उन्होंने तत्काल एसओ को सूचना दी। बताया कि मेठ और चौकीदार तुलसा के घर रुके थे।

बदमाशों ने तुलसा के घर में तांडव मचाया। यहां पर रखा पंपिंग सेट क्षतिग्रस्त कर दिया। तुलसा का कहना है कि अगर उसका पति भाग न जाता तो बदमाश उसे मार डालते। डकैतों ने कमरे में रखीं खाली और भरी सीमेंट की लगभग पचास बोरियों में आग लगा दी। वहां रखे पंपिंग सेट में भी आग लगा दी।

एक पंपिंग सेट और मिक्सर मशीन नदी में फेंक दी। शोरगुल सुनकर बाहर आए गांव के कल्लू और उसके लड़के रमेश की भी धुनाई कर दी। लगभग डेढ़ घंटे बाद पहुंचे चौकी प्रभारी आरबी सिंह और पुलिसकर्मियों ने मौका मुआयना किया और चुनबादी और सुनंदन को कोतवाली ले गए।

बाद में सीओ सिटी भी पुलिस बल के साथ पहुंचे और आसपास कांबिंग की पर कुछ नहीं मिला। सुबह अपर एसपी आरडी चौरसिया भी मौके पर पहुंचे और वारदात की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि यह काम बलखड़िया का ही लग रहा है। जब भी कामों में उसे पैसा नहीं मिलता, इसी तरह की वारदातें करता है।

उन्होंने कहा कि जल्द ही गैंग का सफाया कर दिया जाएगा। चौकी प्रभारी ने बताया कि दोनों कर्मचारियों की डाक्टरी करा दी गई है। उधर, कोतवाली प्रभारी केपी दुबे ने बताया कि चौकीदार की तरफ से बलखड़िया गिरोह के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया है।
विज्ञापन


विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें