चित्रकूट। वन विभाग की टीम ने शिवरामपुर स्थित तीन स्थानों पर दबिश दी। दो आरा मशीनों पर नीम के कई गोटे बरामद हुए। इसके अलावा एक स्थान पर अवैध रूप से रखे 101 सागौन के गोटे बरामद हुए। इसको वन विभाग की टीम अपने साथ ले आई है। इस मामले में तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
डीएफओ समेत अन्य वन विभाग के अधिकारियों की टीम ने मुखबिर की सूचना पर शिवरामपुर कस्बे के लैना बाबा रोड स्थित आरा मशीन में छापा डाला। छापा पड़ते ही कई मजदूर व अन्य कर्मचारी भाग निकले। इसके बाद टीम ने एक अन्य आरा मशीन पर दबिश दी। इन दोनों स्थानों से नीम के कई गोटे बरामद हुए।इनका कोई रिकार्ड नहीं था। इसके बाद टीम ने एक अन्य स्थान पर दबिश देकर 101 सागौन के गोटे बरामद किये। यह भी बिना किसी कागजात के भंडारण किये गये थे। इस टीम में एसडीओ राजीव रंजन, वन क्षेत्राधिकारी नफीस खान, उप क्षेत्राधिकारी हरिशंकर शामिल रहे।
छापे की कार्रवाई के बाद रेंजर नफीस खान ने बताया कि आरा मशीन संचालक कलावती, एक अन्य आरा मशीन संचालक हीरालाल व भंडारण करने वाले दिनेश शुक्ला के खिलाफ भारतीय वन अधिनियम 1927 के तहत धारा 41,42, 26 व 69 के अधीन रिपोर्ट दर्ज की गई है। बरामद लकड़ी को वन विभाग की टीम अपने साथ ले आई।
नीलामी का कागज न मिलने पर कार्रवाई
चित्रकूट। रानीपुर टाइगर रिजर्व के उप निदेशक एनके सिंह ने बताया कि आरा मशीनों में यदि लकडिय़ों के नीलामी का कागज नहीं मिलता। जंगली लकड़ी पाई गई। जिसमें खैर सहित अन्य लकड़ी है। जिस पर अलग-अलग धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की जाती है। जिले में समय समय पर आरा मशीन में जांच कराई जाती है। इसके लिए उडऩदस्ते की टीम बनी है।