फूलमाला, कुर्सी व पूड़ी सब्जी का देना होगा हिसाब
अमर उजाला ब्यूरो
चित्रकूट। विधानसभा उप चुनाव पर निगरानी रखने के लिए व्यय प्रेक्षक आकाश देवांगन ने उड़नदस्ता व व्यय निरीक्षण टीम के अधिकारियों के साथ शुक्रवार को बैठक की। कलक्ट्रेट सभागार में व्यय प्रेक्षक ने कहा कि आचार संहिता का कड़ाई से पालन कराना है। यहां तक कि हर पार्टी के खर्च व सभा जनसंपर्क की वीडियो रिकार्डिंग होगी। चाय, नाश्ता, फूलमाला से लेकर पूड़ी-सब्जी तक के रेट व पूरा हिसाब देना होगा।
चुनावी खर्च पर निगरानी के लिए उन्होंने व्यय अनुवीक्षण समिति के निगरानी दल, उड़नदस्ता, वीडियो सर्विलांस टीम आदि से महत्वपूर्ण बिन्दुओं की जानकारी लेकर आवश्यक दिशा- निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अवलोकन टीम, वीडियो सर्विलांस टीम, अकाउंटिंग टीम, सहायक व्यय प्रेक्षक के साथ-साथ फ्लाइंग स्क्वायड टीम व स्टैटिक सर्विलांस टीमें चुनावी खर्च पर निगरानी के लिए बनाई गई हैं । बैठक में अपर जिलाधिकारी जीपी सिंह, उपजिलाधिकारी राजापुर व मानिकपुर, मुख्य कोषाधिकारी समेत सभी टीमों के प्रभारी मौजूद रहे ।