चित्रकूट। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल की जनपद इकाई के पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह मंगलवार को सीतापुर स्थित श्रीजी भवन सभागार में हुआ। नये जिलाध्यक्ष राजीव अग्रवाल समेत अन्य पदाधिकारियों को शपथ ग्रहण के बाद बधाई दी गई । जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश महामंत्री डॉ. दिलीप सेठ व विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व सांसद भैरो प्रसाद मिश्र मौजूद रहे।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि ने कहा कि व्यापारियों का मान स्वाभिमान बरकरार रखने के लिए हमें संगठन को मजबूती देकर ऊंचाइयों तक पहुंचाना है। संगठन व्यापारियों के मान-सम्मान की सुरक्षा के लिए ही बना है। कहा कि व्यापारियों की एकता के कारण बढ़ती ताकत को देख विभिन्न राजनीतिक दल भी अब व्यापारियों को तवज्जो दे रहे हैं। कहा कि हम लोगों ने जीएसटी की बहुत लंबी लड़ाई लड़ी है। जिसके चलते इसमें 990 संशोधन हो चुके हैं। पूर्व सांसद भैरो प्रसाद मिश्र ने कहा कि एकता में ही शक्ति होती है। जब भी किसी अधिकारी के पास किसी काम को लेकर जाएं तो सामूहिक रूप से जाएं, इससे ज्यादा प्रभाव पड़ता है और अधिकारी गंभीरता से बात सुनकर उसका निराकरण करने को मजबूर होता है। जिलाध्यक्ष राजीव अग्रवाल ने कहा कि प्रदेश नेतृत्व ने उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है उसका वह पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निर्वाह करेंगे। इस अवसर पर मण्डल अध्यक्ष सुरेश मिश्रा, डॉ सीताराम, प्रदेश मंत्री ओम केशरवानी, विवेक अग्रवाल, गिरीश अग्रवाल, सत्यनारायण केशरवानी, विशाल अग्रवाल, महेश केशरवानी, शैलेंद्र केशरी व महेश केशरी आदि मौजूद रहे।