डाकू बरदानी और उसके दो साथियों की गिरफ्तारी की जानकारी देते एसपी केके चौधरी।
- फोटो : amar ujala buerau
12 हजार रुपये काअंतर प्रांतीय इनामी डकैत बरदानी कोल दो साथियों के साथ दबोच लिया गया। मानिकपुर थाना क्षेत्र में हनुमान चौक के पास रविवार रात हुई मुठभेड़ में पुलिस ने मौके से तीन असलहों समेत एक दर्जन कारतूस बरामद किए ।
हनुमान चौक के पास देर रात बरदानी डकैत गैंग की मौजूदगी की सूचना पर एसओ मनीष जाट ने पुलिस टीम के साथ घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही गैंग ने फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग के बाद पुलिस ने सकरौंहा के 12 हजार के इनामी डकैत सरगना बरदानी कोल के साथ पांच-पांच हजार के इनामी डकैतों डभौरा नई बस्ती के लच्छू कोल और हरदिहा कोटाकंदैला के श्यामकोल को दबोचने में सफलता पाई।
सोमवार को पुलिस अधीक्षक केके चौधरी ने यहां मीडिया को यह जानकारी दी। उन्होने बताया गिरफ्तार किए गए डकैतों के कब्जे से एक देशी राइफल, 12 बोर की बंदूक और तमंचा के साथ एक दर्जन कारतूस और खोखे बरामद किए।
एसपी ने बताया तीनों डकैतों ने पांच अगस्त 2015 को निही चिरैया प्राथमिक विद्यालय से दो शिक्षकों विनोद कुमार व राजबहोर को अगवा कर परिजनों से फिरौती मांगी थी।
बरदानी कोल पहले अशोक कोल के गैंग में था अशोक की मौत के बाद उसने खुद गैंग बना लिया था। बरदानी के खिलाफ मानिकपुर, डभौरा व बहिलपुरवा में दस मामले दर्ज हैं।