अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने गुरुवार को स्थापना
दिवस मनाया। इस मौके पर जगद्गुरु राम भद्राचार्य विकलांग विश्वविद्यालय में
गोष्ठी हुई। मुख्य अतिथि विवि के प्रति कुलपति प्रो. योगेश चंद्र दुबे ने
कहा कि दुनिया की पर्यावरण संबंधी समस्याओं का समाधान सिर्फ पौधरोपण है।
उन्होंने
कहा कि पूरा विश्व पर्यावरण की समस्या से जूझ रहा है। इनका समाधान सिर्फ
पौधरोपण है। उन्होंने प्रत्येक विद्यार्थी को जीवनकाल में कम से कम पांच
पौधे लगाने को कहा।
इस मौके पर उन्होंने पांच पौधे रोपे। उधर,
बालिका विद्या मंदिर में हुई गोष्ठी में मुख्य वक्ता अपर्णा आलोक ने कहा कि
समाज एवं राष्ट्र के सर्वांगीण विकास के लिए आधी आबादी को विकास पथ पर
तेजी से अग्रसारित करना होगा। यह विकास सांस्कृतिक विरासत के धरातल को
पुष्ट एवं संरक्षित करते हुए ही होना चाहिए।
कुंती देवी इंटर कालेज
में हुई गोष्ठी में सह जिला संयोजक विशाल गुप्ता ने कहा कि विद्यार्थी
परिषद ने स्थापना काल से ही छात्र शक्ति को दिशा देने का काम किया है।
ब्रह्मचर्य इंटर कालेज में जिला संयोजक अभाविप दुर्गेश द्विवेदी ने दावा
किया कि संगठन के संघर्ष से छात्रों के हितों के आशातीत परिणाम सामने आए
हैं।
शिशु मंदिर में हुई गोष्ठी में केंद्रीय समिति सदस्य आलोक
पांडे ने विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं के आचरण की सराहना की। उन्होंने
कहा कि कार्यकर्ताओं ने अपने आचरण से अभाविप के वैचारिक सिद्धांतों को
व्यवहारिक रूप प्रदान किया है।
पोद्दार इंटर कालेज में पूर्व जिला
संयोजक हरिओम जायसवाल ने कहा कि छात्रों को सक्रिय रूप से सहभाग करते हुए
शैक्षिक समस्याओं के निराकरण के लिए काम करना चाहिए।
गोष्ठियों में
राहुल करवरिया, अर्पित जायसवाल, श्वेता, दुर्गेश त्रिपाठी, शुभम केशरवानी,
अभिषेक, अमित, उमाशंकर, शिवम के अलावा शिक्षक-छात्र भी मौजूद रहे।