पहली बारिश में ही शिवरामपुर कस्बे की साफ-सफाई की
पोल खुल गई। गांव में तीन-तीन सफाईकर्मी होने के बाद भी नालियां बजबजा रही
हैं। नालियों का गंदा पानी घरों में घुस रहा है। इससे संक्रामक बीमारियों
के फैलने की आशंका है।
जिला मुख्यालय से सटे शिवरामपुर की सफाई
व्यवस्था चरमरा गई है। ग्राम पंचायत में तीन-तीन सफाईकर्मियों की तैनाती
होने के बाद भी सफाई नहीं हो रही है। कस्बे में नेशनल हाइवे के पास में
डायट होने से विद्यार्थियों का आना-जाना लगा रहता है, यहां गंदा पानी भरा
होने से छात्र-छात्राएं परेशान हैं।
मारवाड़ी मोहल्ला में भी हर
तरफ गंदगी फैली है। यहां सफाईकर्मी न तो नालियों की सफाई करने आते हैं और न
ही कचरा उठाने। ऐसे में कचरे का ढेर लगा है। मोहल्ले के राजकुमार, घनश्याम
पटेल ने बताया कि सफाईकर्मी कभी सफाई करने नहीं आते हैं।
प्रधान
से शिकायत करने पर भी कोई सुनवाई नहीं होती है। धार्मिक स्थल लाइना बाबा
जाने के रास्ते में कीचड़ भरा होने से वहां जाने वाले श्रद्धालुओं को भी
परेशानी होती है। इस संबंध में शिवरामपुर प्रधान से बात करने की कोशिश करने
पर उनका फोन नहीं उठा।