चित्रकूट के शिवरामपुर में झांसी-मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग में शिवरामपुर पुलिस चौकी क्षेत्र अंतर्गत कस्बे के पास ट्रक-पिकअप में भिड़ंत होने से दस मजदूर घायल हो गए। सभी को इलाज के लिए पुलिस ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया। सभी मजदूर प्रयागराज जिले के शंकरगढ़ कस्बे निवासी हैं।
सभी मजदूर महोबा जिले के सिरसीखुर्द गांव में फसल काटने के लिए जा रहे थे। सोमवार की देर रात एक ट्रक तेज गति से शिवरामपुर कस्बे के पास से बांदा जा रहा था। हाईवे पर ट्रक के पीछे पिकअप चल रही थी। अज्ञात कारणवश ट्रक चालक ने अचानक ब्रेक लगाया। इस कारण पीछे चल रही पिकअप ट्रक से टकरा गई।
घटना होते ही कोहराम मच गया। घटना से पिकअप में सवार प्रयागराज जिले के शंकरगढ़ निवासी मजदूर फूला देवी, ताराबाती, कांती, खुशबू, गौरा देवी, छोटेलाल, देवशरण, अमर सिंह, मनोहर सहित महोबा जिले के सिरसीखुर्द गांव के इंद्रपाल घायल हो गए। घायल फूला देवी ने बताया कि हमसभी प्रयागराज जिले के शंकरगढ़ कस्बे की रहने वाले है।
महोबा जिले के इंद्रपाल ठेकेदार है। वह फसल काटने के लिए महोबा जिले के सिरसीखुर्द गांव ले जा रहे थे। दुर्घटना होते ही शिवरामपुर पुलिस टीम ने 108 एंबुलेंस को बुलाकर सभी का इलाज के लिए जिला चिकित्सालय में कराया। मंगलवार को सभी मजदूरों को प्रयागराज रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने क्षतिग्रस्त पिकअप को चौकी में खड़ा कराया है। जबकि ट्रक समेत चालक भाग निकला है।