तहसील से लेकर एसडीएम कार्यालय तक मंगलवार को प्रदर्शनकारियों की भीड़ रही। मुख्यालय के अलावा राजापुर, मऊ, मानिकपुर तहसील दिवस पर विभिन्न गांव के ग्रामीण समस्याओं का निस्तारण कराने पहुंचे।
ह्यूमन राइट्स लॉ नेटवर्क के जिला संयोजक रूद्र प्रसाद मिश्र की अगुवाई में विभिन्न गांव के ग्रामीणों ने राशन कार्ड और राशन वितरण व्यवस्था पर रोष जताते हुए प्रदर्शन किया। मूल्य वृद्धि पर नियंत्रण करो, सबके लिए खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करो के नारे लगाते हुए ग्रामीण तहसील सभागार पहुंचे। जिला संयोजक ने कहा कि ज्यादातर स्थानों पर कोटेदारों की शिकायतें आ रही हैं। पात्रों को यूनिट के मुताबिक और सरकारी दर पर सामग्री नहीं मिल रही। जिससे आए दिन मुख्यालय में प्रदर्शन होते हैं।
उन्होंने सदर एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर सबके लिए समान रूप से खाद्यान सामग्री उपलब्ध कराने की मांग की है। सदर ब्लाक के भरथौल के किसानों ने बताया कि एक बार ही राहत चेक बांटे गए हैं, जबकि दूसरे चेकों के लिए सर्वे पूरे हो चुके है, लेकिन चेक नहीं मिली। इस मौके पर राजेंद्र कुमार, चंद्र किशोर, बाबूराम, श्रीपाल, फूलचंद्र, रामसूरत, रामानुज, इंद्रपाल व शिवप्रकाश आदि मौजूद रहे।
पहाड़ी ब्लाक के परसौंजा गांव की महिलाओं ने सदर तहसील सभागार के सामने प्रदर्शन कर आरोप लगाया कि समाजवादी पेंशन और लोहिया आवास पाने के लिए एक माह से भटक रहीं हैं। प्रधान से लेकर सचिव और लेखपाल सिर्फ आवेदन जमा कराते हैं, लेकिन सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। इस मौके पर केशरिया, भवानी, जगदेई, माया, भाेंडी, शिव कुमारी व हरीवा आदि मौजूद रहीं। सदर ब्लाक के मुकुंदपुर के ग्रामीणों ने बताया कि सूखा राहत की चेक नहीं मिली और भूसा भी नहीं मिला। जिससे दिक्कत हो रही है।