चित्रकूट। सदर कोतवाली क्षेत्र के तरौंहा कस्बे में शुक्रवार की रात पत्नी ने प्रेमी संग पहले पति के मुंह में कपड़ा ठूंसा फिर सिलबट्टे से सिर कूंचकर हत्या कर दी। इसके बाद घर पर रखे सोने-चांदी के जेवर आदि संग दो साल के बच्चे के साथ फरार हो गई। मृतक के भाई की तहरीर पर शनिवार को युवक की पत्नी और उसके प्रेमी ममेरे भाई के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट पुलिस ने दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम कराया है। कोतवाल, फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड संग मौके पर पहुंचे एएसपी शैलेंद्र कुमार राय ने परिजनों से पूछताछ की।
कस्बे के महापात्र मोहल्ला निवासी स्वर्गीय पंचा का बेटा होरीलाल निषाद (32) चालक था। वह अपनी पत्नी बुधनिया उर्फ पूजा और दो साल के बेटे अन्नू के साथ अपनी मां और भाई संग रहता था। होरीलाल की मां सहोदिया देवी के मुताबिक, शुक्रवार की देर शाम बहू फोन से किसी से बात कर रही थी। पूछने पर बताया कि उसके मामा का लड़का आ रहा है और उसको लेने चली गई। रात में पूजा अपने कथित मामा के लड़के संग घर आई। इस बीच शराब संग मुर्गा-अंडा की दावत हुई। इसके बाद देर रात ग्यारह बजे के बाद मां दूसरे कमरे में सोने चली गई।
बताया कि शनिवार सुबह 11 बजे तक जब होरीलाल के बाबत जानकारी नहीं हुई तो पीछे के रास्ते से कमरे के दरवाजे को खटखटाया, लेकिन कोई भी आवाज नहीं आई। खिड़की से देखने पर होरीलाल बिस्तर पर खून से लथपथ लेटा हुआ था। उसके मुंह पर कपड़ा ठूंसा हुआ था। कुछ देर बाद लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर एएसपी, सीओ सिटी शीतला प्रसाद पांडेय, कोतवाल वीरेंद्र त्रिपाठी फोर्स संग पहुंचे। युवक की मां और भाई लालबाबू ने आशंका जताई कि पूजा ने रात में अपने कथित मामा के लड़के संग हत्या कर दी, फिर घर से जेवर आदि लेकर बच्चे संग फरार हो गई।