परिषदीय अंशकालिक अनुदेशकों ने उच्च प्राथमिक अनुदेशक शिक्षक वेलफेयर एसोसिएशन की अगुवाई में सांसद भैरो प्रसाद मिश्र से मुलाकात कर प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन भेजकर अपनी समस्याओं पर सुनवाई करने की गुहार की है।
एसोसिएशन के जिला महामंत्री जितेंद्र त्रिपाठी ने बताया कि जिले के अनुदेशक सरकार की उपेक्षापूर्ण नीति से परेशान हैं। परिषदीय उच्च प्राथमिक विद्यालयों में कला, शिक्षा, शारीरिक एवं स्वास्थ्य शिक्षा तथा कार्य अनुभव शिक्षा के अंशकालिक अनुदेशकों का वर्ष 2013 में चयन होने के बाद पांच दिवसीय प्रशिक्षण तक नहीं दिया गया।
मीडिया प्रभारी श्यामसुंदर यादव का कहना था कि एक तरफ भारत सरकार खेल में भारत रत्न दे रही है, अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया जा रहा है, दूसरी तरफ प्राथमिक और पूर्व माध्यमिक विद्यालयों में खेल गतिविधियां शून्य हैं, संकुल रैलियां समाप्त कर दी गई हैं।
अनुदेशकों ने इसके अलावा सांसद को कम मानदेय मिलने, काउंसलिंग के बाद तैनाती न किए जाने, उपकरण न होने आदि की समस्याएं बताईं। इस मौके पर श्रीकेशन, सुभलेश कुमार सिंह, सुनील कुमार श्रीवास्तव, शिवमूरत, संतोष कुमार, रामयश, आशा यादव, रीना देवी, वर्षा, उदयवीर मौजूद रहे।