चित्रकूट। मिशन शक्ति 5.0 अभियान के तहत बृहस्पतिवार को मानिकपुर तहसील में उपजिलाधिकारी मो. जसीम के स्थान पर कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय की कक्षा आठ की छात्रा पारो को एक दिन के लिए एसडीएम की जिम्मेदारी सौंपी गई। एसडीएम मोहम्मद जसीम ने छात्रा पारो का माला पहनाकर स्वागत किया और उसे कुर्सी पर बैठाया।
एक दिन की बनी एसडीएम पारो ने क्षेत्र में चल रही समस्याओं पर समीक्षा की। उसने नमामि गंगे परियोजना के तहत तोड़ी गई सड़क और पानी की आपूर्ति न होने की शिकायत पर संबंधित जेई को तत्काल समाधान करने के निर्देश दिए। इस मौके पर न्यायिक तहसीलदार दयाशंकर वर्मा, सदर लेखपाल अरबाज सिद्दीकी और जयप्रकाश पयासी मौजूद रहे। (संवाद)