फोटो-4- शहर के सदर रोड तिराहे के पास तैयार हो रहा शहीद पार्क । संवाद
- फोटो : CHITRAKUTT
चित्रकूट। चौरी-चौरा शताब्दी महोत्सव कार्यक्रम का आयोजन गुरुवार को देश भर में मनाया जाएगा। इसे लेकर चित्रकूट धर्मनगरी में भी प्रशासनिक तैयारी जोरों पर हैं। शहर के सदर रोड स्थित एलआईसी तिराहे के पास शहीद पार्क का निर्माण किया जा रहा है। इसको लेकर भूतपूर्व सैनिकों व समाज सेवियों ने खुशी जाहिर की है। शहीद पार्क स्थल को सजाया संवारा जा रहा है। इसमें आधुनिक उपकरण के साथ प्रकाश व्यवस्था की गई। पार्क को लेकर पूर्व सैनिक अतुल तिवारी, रामेश्वर, रमेश चंद्र, अवधलाल, राम प्रताप ने खुशी जाहिर की है। इनका कहना है कि जिले में शहीद पार्क बनना सैनिकों के लिए गौरव की बात है।
इसके निर्माण को लेकर बुधवार की शाम को जिलाधिकारी शेषमणि पांडेय ने निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि चौरीचौरा शताब्दी महोत्सव का आयोजन शानदार होना चाहिए। इसमें जो शासन से निर्देश दिए गए हैं उसी के अनुसार सुनिश्चित कराएं। उन्होंने मंच, सफाई, प्रभातफेरी, प्रकाश, सजावट आदि की जानकारी की। अपर पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र कुमार राय से कहा कि प्रभातफेरी के दौरान ट्रैफिक व्यवस्था समुचित रूप से कराई जाए। ताकि बच्चों को प्रभात फेरी के दौरान कोई समस्या न हो।