चित्रकूट। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती शनिवार को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाई गई।
सभी सरकारी कार्यालयों और शिक्षण संस्थानों में उन्हें नमन किया गया। इस दौरान देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने की शपथ ली गई।
कलेक्ट्रेट सभागार में एडीएम वित्त एवं राजस्व चंद्रशेखर की अध्यक्षता में कार्यक्रम हुआ। उन्होंने पटेल की मूर्ति पर माल्यार्पण कर अधिकारियों-कर्मचारियों को शपथ दिलाई। चंद्रशेखर ने बताया कि सरदार पटेल ने 500 से अधिक रियासतों को एकजुट कर अखंड भारत बनाया। उन्होंने सिविल सेवा को लोक कल्याणकारी स्वरूप दिया।
अपर उपजिलाधिकारी प्रदीप ने एकता, दृढ़ संकल्प और अनुशासन को पटेल के जीवन के तीन मुख्य स्तंभ बताया। उप निबंधक विवेक गुप्ता ने टीम भावना से काम करने का आह्वान किया। इस दौरान परिसर में पौधरोपण भी किया गया।
अन्य स्थानों पर कार्यक्रम
पुलिस कार्यालय में पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने सभी अधिकारी-कर्मचारियों को शपथ दिलाई। ग्रामोदय विश्वविद्यालय में कुलगुरु आलोक चौबे ने दीप प्रज्वलन कर शपथ दिलाई। राजकीय आईटीआई में मुख्यमंत्री की सरदार पटेल कौशल प्रशिक्षण एवं रोजगार योजना का सजीव प्रसारण दिखाया गया। डायट शिवरामपुर में प्राचार्य बीके शर्मा ने प्रशिक्षुओं को शपथ दिलाई।
राष्ट्र निर्माण में लौह पुरुष के योगदान को याद किया
चित्रकूट/राजापुर। तहसील सभागार सहित कस्बे और ग्रामीण अंचलों के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में श्रद्धा एवं सम्मान के साथ जयंती मनाई गई। सभागार में एसडीएम पूजा गुप्ता, तहसीलदार चंद्रकांत त्रिपाठी व नायब तहसीलदार अभिनेश कुमार ने वल्लभभाई पटेल के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।
इस मौके पर राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई गई। बालिका इंटर कॉलेज, तुलसी इंटर कॉलेज, धीरेंद्र इंटर कॉलेज, महादेव इंटर कॉलेज नांदिन कुर्मियांन, जितेंद्र उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, स्वामीदीन पूर्व माध्यमिक विद्यालय, प्राथमिक विद्यालय आजादपुरवा, कंपोजिट विद्यालय राजापुर, प्राथमिक विद्यालय द्वितीय एवं तृतीय, हनुमत बाल शिक्षा निकेतन, सरस्वती ज्ञान मंदिर, एसएस इंटरनेशनल स्कूल, एसएम पब्लिक स्कूल और संस्कार पब्लिक स्कूल सहित विभिन्न शिक्षण संस्थानों में भी जयंती मनाई गई। (संवाद)