बरगढ़/मऊ। बरगढ़ थाना क्षेत्र के झांसी-मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर मुरका गांव के पास शुक्रवार सुबह करीब छह बजे धान लदा पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में चालक की मौके पर ही मौत हो गई और चालक का भंाजा व भाई घायल हो गए। घायलों को प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मध्य प्रदेश के रीवा जिले के कस्बा जवा का निवासी गोलू रैदास(21) पुत्र गेंदालाल शुक्रवार को प्रयागराज के शंकरगढ़ से पिकअप में धान लादकर जवा (एमपी) जा रहा था। जैसे ही पिकअप मुरका गांव के पास पहुंचा, तभी सड़क पर खड़े एक खराब वाहन को देख चालक ने अचानक ब्रेक दबा दिया।
इससे पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गया। पिकअप का फाटक खुलने से चालक गोलू पहिये के नीचे दब गया। इससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई और पिकअप में बैठा भांजा नीलेश (21) पुत्र नाथू निवासी जवा व फूफेरा भाई लवकुश (26) पुत्र रामधार निवासी गढ़ी गांव जिला रीवा घायल हो गए।
थाना प्रभारी रविप्रकाश ने टीम के साथ मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया और सड़क पर बिखरे धान के बोरे व पिकअप को किनारे कराकर यातायात सुचारु कराया। चालक के पिता गेंदालाल ने बताया कि उसके दो भाई व एक बहन हैं। वह सबसे बड़ा था। घटना से पत्नी रानीदेवी का रो-रोकर बुरा हाल है।