ढाई लाख के इनामी डाकू बबुली कोल के घर की कुर्की का आदेश अदालत ने जारी कर दिया है। कोतवाली पुलिस ने उसके घर नोटिस भी चस्पा कर दी है। एसपी ने बताया कि हाल ही में इस गैंग के सक्रिय सदस्य लवलेश कोल पर पचास हजार का इनाम घोषित किया गया है, अब सरगना बबुली पर भी इनाम बढ़वाने की कवायद चल रही है। सभी थानों से इसके आपराधिक मामले मांगे गए हैं।
पाठा क्षेत्र में डकैतों की फेहरिस्त में सबसे बड़े इनामी डाकू बबुली कोल पर पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू किया है। कोतवाली क्षेत्र के रानीपुर भट्ट के पेट्रोल पंप पर दोहरे हत्याकांड मामले में पुलिस ने अदालत से कुर्की की मांग की थी। कोतवाल रनवीर सिंह ने बताया कि अदालत ने आदेश जारी कर दिए हैं। जिसमें डाकू बबुली कोल पुत्र रामचरण निवासी सोसायटी कोलान थाना मारकुंडी के घर कुर्की की नोटिस चस्पा करा दी गई है। एक माह के अंदर यदि डाकू हाजिर न हुआ तो उसके घर की कुर्की की जाएगी।