चित्रकूट/मानिकपुर। कुख्यात डाकू डेढ़ लाख के इनामी गौरी यादव गैंग के एक सदस्य को पुलिस ने मुठभेड़ कर दबोच लिया है। दबोचे गए सदस्य पर कुल चार मामले दर्ज हैं। इस पर कोई इनाम नहीं है। इसके कब्जे से फैक्ट्रीमेड रायफल व भारी मात्रा मेें कारतूस बरामद हुए हैं।
बहिलपुरवा थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सरोज सोमवार की रात को टीम के साथ डांडी तिराहा के पास सर्चिंग में थे। इसी बीच कर्का पड़रिया गांव के पास कुछ लोगों की मौजूदगी की सूचना पर घेराबंदी की। रात लगभग दस बजे जंगल में पहुंची पुलिस को देख मौजूद लोग भागने लगे। पुलिस ने घेराबंदी कर चुन्नी लाल यादव पुत्र भागवत प्रसाद निवासी बेलौहन पुरवा मजरा रुकमा खुर्द को दबोच लिया। एक अन्य साथी भागने में सफल रहा।
थानाध्यक्ष ने बताया कि दबोचे गए डाकू के कब्जे से फैक्ट्री मेड एक रायफल व 23 कारतूस बरामद किए गए हैं। बताया कि दस्यु गौरी यादव गैंग को असलहा देने जा रहा था। पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार झा ने पुलिस टीम को दस हजार रुपये नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।