चित्रकूट। कई प्रमुख मार्गों की दुर्दशा की खबरें लगातार प्रकाशित होने के बाद पीडब्ल्यूडी राज्यमंत्री चंद्रिका प्रसाद उपाध्याय शुक्रवार को मीडिया के सामने आए और विभाग की उपलब्धियां साझा कीं। बोले, बजट की कोई कमी नहीं है। बरगढ़ के परानू बाबा मार्ग की सड़क की गुणवत्ता सही न मिलने पर ठेकेदार को पूरे चित्रकूटधाम मंडल में ब्लैक लिस्ट कर दिया और अफसरों की जांच करा कार्रवाई की जाएगी।
बताया कि जिले में 38 नई सड़क के लिए 28 करोड़ और 24 पुरानी सड़कों की मरम्मत को छह करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत हुआ है। शुक्रवार को शहर के डाक बंगले में राज्य मंत्री उपाध्याय ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में अपराध, अपराधी, भ्रष्टाचार और भ्रष्टाचारी के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है। जिले में सड़क निर्माण, गड्ढा मुक्ति, सामान्य मरम्मत के नवीन और पूर्व योजित कार्य 30 नवंबर तक संपन्न हो जाएंगे।
जिले में 18 पुलों का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। सभी बड़ी, छोटी नदियों व बरसाती नालों पर जरूरी पुलों तथा सभी ग्रामों, मजरों, पुरवों को संपर्क मार्गों से जोड़ने को सर्वेक्षण व मूल्यांकन के लिए विभागीय अफसरों को निर्देशित किया गया है। कहा कि भ्रष्टाचार व गुणवत्तापूर्ण कार्य न करने वाले अधिकारियों व ठेकेदारों के विरुद्ध कठोर और प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जा रही है। इस मौके पर जिलाध्यक्ष चंद्र प्रकाश खरे, मानिकपुर विधायक आनंद शुक्ला आदि मौजूद रहे।
चित्रकूट। उप्र सहकारी भूमि विकास बैंक के अध्यक्ष पद के लिए भाजपा के अधिकृत प्रत्याशी योगेंद्र सिंह के निर्विरोध चुने जाने पर जिलाध्यक्ष चंद्रप्रकाश खरे, राज्य मंत्री चंदिका प्रसाद उपाध्याय, मानिकपुर विधायक आनंद शुक्ला, उपाध्यक्ष पंकज अग्रवाल, महामंत्री आलोक पांडेय, राजेश जायसवाल, भागवत त्रिपाठी, अश्वनी अवस्थी समेत कार्यकर्ताओं ने मुंह मीठा कराया।