चित्रकूट। अन्ना मवेशी व खाद की समस्याओं को लेकर सपाइयों ने शुक्रवार को प्रदर्शन किया। सदर एसडीएम कार्यालय के सामने नारेबाजी करते हुए गवर्नर को संबोधित ज्ञापन सदर एसडीएम को सौंपा। चेतावनी दी कि समस्या का जल्द निदान न हुआ तो आंदोलन किया जाएगा।
सपा जिलाध्यक्ष अनुज यादव की अगुवाई में किसानों की समस्याओं को लेकर कार्यकर्ताओं ने तहसील परिसर में एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। कहा कि अन्ना पशुओं से फसलों को बचाने के लिए रातभर रखवाली करने के बावजूद फसलें नहीं बच रही। अन्ना समस्या के लिए सरकार ने जो गोशालाएं बनवाईं, वहां संरक्षण की उचित व्यवस्था नहीं है, भूसा-चारा तक नहीं है। मौजूदा समय में किसानों को खाद के लिए जद्दोजहद करना पड़ता है। किसानों की हालत बदहाल है। हाल ही में मंडी समिति के आढ़तियों पर सचिव ने फर्जी मुकदमे दर्ज कराए हैं, जिसको फौरन वापस लिया जाए। जल्द खाद-बीज, अन्ना पशु, व्यापारियों के उत्पीड़न की समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन किया जाएगा। इस मौके पर फराज खान, गोपीचंद्र यादव, नरेंद्र यादव, राजीव लोचन त्रिपाठी, अमृतलाल गुप्ता, अमरदीप पटेल, राजेश यादव, गोलू पटेल, निजामुद्दीन, गुलाब खां, शेरा यादव आदि मौजूद थे।