चित्रकूट। आढ़तियों व मंडी सचिव में हुआ विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा। मामले में आढ़तियों के साथ दूसरे व्यापारिक संगठन भी लामबंद हो गए। बृहस्पतिवार को गल्ला व्यापारियों ने जिले के प्रभारी मंत्री नंदगोपाल गुप्ता उर्फ नंदी, राज्यमंत्री चद्रिका प्रसाद उपाध्याय को पत्र देकर न्याय की मांग की है। मंडी सचिव की बर्खास्तगी व व्यापारियों के खिलाफ दर्ज रिपोर्ट वापस लेने की मांग पर अड़े व्यापारियों ने 48 घंटे के अंदर सब्जी मंडी में हड़ताल की चेतावनी दी है। मांगे न माने जाने पर तीन दिन में पूरे बुंदेलखंड की गल्ला मंडियों में आढ़त बंद कर हड़ताल का एलान किया।
मंगलवार को बिजली का कनेक्शन एक दुकानदार का काटने के बाद मंडी सचिव व कर्मचारियों का दुकानदार व उसके समर्थन में शिकायत करने पहुंचे व्यापारियों के बीच विवाद हुआ था। जिसमें मंडी सचिव विपुल कुमार ने व्यापारियों पर मारपीट कर कपड़े फाड़ने का आरोप लगाकर 17 व्यापारियों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है। इसी से नाराज व्यापारियों ने दूसरे दिन बृहस्पतिवार को भी दुकानें बंद रख हड़ताल जारी रखी। गल्ला व्यापार मंडल के अध्यक्ष राजीव अग्रवाल व महामंत्री गुलाब गुप्ता ने बताया कि दो दिन के अंदर सब्जी मंडी का व्यवसाय भी बंद होगा। उन्होंने बताया कि इसी संबध में पूरे बुंदेलखंड की मंडियों में संचालित गल्ला आढ़ती एकजुट हैं और यह आश्वासन दिया है कि मंडी सचिव की बर्खास्तगी व व्यापारियों पर दर्ज रिपोर्ट वापस न होने पर बुंदेलखंड स्तर पर हड़ताल की जाएगी।
बंद रही गल्ला मंडी, लौटे किसान
चित्रकूट। शहर की गल्ला मंडी में बृहस्पतिवार को भी सन्नाटा पसरा रहा। सचिव व अन्य कर्मचारी नियमित रूप से कार्यालय पहुंचे, लेकिन दुकानों के ताले नहीं खुले। सुदूर गांव से कई किसान अनाज लेकर बेचने पहुंचे लेकिन हड़ताल के कारण काफी देर तक भटकने के बाद बैरंग लौट गए। कुछ किसानों ने कहा कि मंडी सचिव व व्यापारियों के बीच विवाद के चलते उनका नुकसान हो रहा है। दो दिन से उनका अनाज नहीं बिक रहा। ट्रैक्टर का भाड़ा भी लग रहा है।
व्यापारी हित में लड़ेंगे लड़ाई
चित्रकूट। उप्र उद्योग व्यापार मंडल के मंडल उपाध्यक्ष पंकज अग्रवाल, जिलाध्यक्ष ओम केशरवानी, युवा प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष राहुल गुप्ता, शुभम गुप्ता, अंकित केशरवानी आदि ने डीएम शेषमणि पांडेय को ज्ञापन देकर सचिव को हटाने व पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग की है। राष्ट्रीय जन उद्योग संगठन के राष्ट्रीय सचिव शानू गुप्ता ने गल्ला व्यापार मंडल के पदाधिकारियों के साथ राज्यमंत्री चंद्रिका प्रसाद उपाध्याय व एसपी अंकित मित्तल को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में व्यापारी नेताओं ने कहा कि यदि मंडी सचिव को न हटाया गया और मुकदमे वापस न किए गए तो व्यापारी संगठन उग्र आंदोलन करेगा। इस मौके पर विनोद केशरवानी, रामप्रकाश गुप्ता, विष्णु गुप्ता, संजय सोनी व दशरथ आदि मौजूद रहे। युवा उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के मंडल उपाध्यक्ष सुरेश मिश्रा ने व्यापारियों के साथ न्याय कराने की मांग की है।