चित्रकूट। अन्य पिछड़ा वर्ग के गरीब परिवारों की बेटियों की शादी में आर्थिक मदद के लिए संचालित शादी अनुदान योजना के तहत जिले को इस वित्तीय वर्ष में 430 लाभार्थियों का लक्ष्य मिला है।
योजना के तहत पात्र परिवारों को बेटी की शादी पर 20 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी रजनीश कुमार पांडेय ने बताया कि शासन से मिले लक्ष्य के सापेक्ष अब तक समिति के अनुमोदन के बाद 368 लाभार्थियों को लाभान्वित किया जा चुका है।
इनके बैंक खातों में ई-कुबेर के माध्यम से कुल 73 लाख 60 हजार रुपये की धनराशि भेजी गई है। शेष लक्ष्य को पूरा करने के लिए आवेदन प्रक्रिया लगातार जारी है। जिन परिवारों ने बेटी की शादी की तारीख तय कर ली है या जिनकी बेटी की शादी हो चुकी है, वे इस योजना के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
शादी अनुदान पोर्टल पर शादी की तारीख से 90 दिन पहले और 90 दिन बाद तक आवेदन करने की सुविधा है। इच्छुक अभ्यर्थी अपने नजदीकी जनसेवा केंद्र या कंप्यूटर के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। (संवाद)