पहाड़ी (चित्रकूट)। थाना क्षेत्र के राजापुर मार्ग पर वाहन की टक्कर से साइकिल सवार की मौत हो गई, जबकि बाइक सवार सिपाही सड़क पर गिरकर घायल हो गया। 24 घंटे बाद भी मृतक की पहचान नहीं हो सकी है।
घटना शुक्रवार की देर रात की है। थाना क्षेत्र के मामू पेट्रोल पंप के पास राजापुर मार्ग पर जिला मुख्यालय की ओर से आए किसी वाहन ने साइकिल से जा रहे एक लगभग 50 वर्षीय व्यक्ति को टक्कर मार दी। उसकी मौत हो गई।
इसके बाद अनियंत्रित वाहन से बचने के प्रयास में आगे चल रहे बाइक सवार सिपाही का भी संतुलन बिगड़ा और वह सड़क पर गिरकर घायल हो गया। हेलमेट पहनने की वजह से सिर पर चोट नहीं आई।
थाना प्रभारी अजीत पांडेय ने बताया कि घायल सिपाही अंकित कुमार प्रतापगढ़ जिले का निवासी है। जो बबेरू जिला बांदा के सीओ का गनर है। अवकाश पर वह बाइक से गांव जा रहा था। उसकी हालत खतरे से बाहर है इलाज के बाद उसे प्रतापगढ़ भेज दिया गया है। मृतक की आस पास के गांव व थानों से संपर्क कर पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है।