चित्रकूट। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) बीके शर्मा ने जनपद के विभिन्न स्कूलों का निरीक्षण कर शैक्षिक गुणवत्ता, छात्र उपस्थिति, मध्याह्न भोजन (एमडीएम) और अभिलेखों की जांच की। इस दौरान कई विद्यालयों में गंभीर खामियां पाई गईं। संबंधित प्रधानाध्यापकों को तीन दिनों के भीतर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के लिए नोटिस जारी किया गया है।
उच्च प्राथमिक विद्यालय, भरतकूप में नामांकित 284 में से केवल 100 छात्र-छात्राएं उपस्थित मिले, जबकि एमडीएम पंजिका में पिछले तीन दिनों की उपस्थिति 228 से 252 दर्ज थी। अनुपस्थित बच्चों को पंजिका में दर्ज नहीं किया गया और न ही प्रेरणा पोर्टल पर उनकी ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज की गई। कक्षा आठ के छात्रों से अंग्रेजी के प्रश्न पूछे जाने पर संतोषजनक उत्तर नहीं मिले। प्रधानाध्यापक द्वारा शिक्षिका के संबंध में गलत जानकारी दी गई। किचेन गार्डन और डिजिटल रजिस्टर भी अपूर्ण पाए गए।
प्राथमिक विद्यालय, ढोलबजा में नामांकित 50 में से केवल 26 छात्र-छात्राएं उपस्थित थे। स्टाफ द्वारा उपस्थित छात्रों की संख्या नहीं बताई जा सकी। दो शिक्षकों की डायरी अपूर्ण मिली। विद्यालय में रंगाई-पुताई और किचेन गार्डन का काम नहीं हुआ था। शैक्षिक गुणवत्ता असंतोषजनक पाई गई और टोल फ्री नंबर का अंकन भी नहीं मिला।
अन्य विद्यालयों जैसे प्राथमिक विद्यालय भरतकूप मंदिर, नया छिवलहा और उच्च प्राथमिक विद्यालय बराछ में स्टाफ उपस्थित मिला और शैक्षिक गुणवत्ता सामान्य पाई गई। प्राथमिक विद्यालय, सभापुर में भी शैक्षिक गुणवत्ता सामान्य थी, हालांकि डीबीटी लाभ में कुछ कमी दिखी।