बछरन गांव में युवक की मौत के बाद गमगीन बैठे परिजन
- फोटो : CHITRAKUTT
पहाड़ी (चित्रकूट) थाना क्षेत्र के बछरन गांव में बुधवार की रात को पुरानी रंजिश के चलते चालक ने गांव के तीन लोगों पर ट्रैक्टर चढ़ा दिया। हादसे में एक युवक की मौत हो गई जबकि दो लोग घायल हो गए। घटना के बाद चालक भागने लगा तो ग्रामीणों ने उसे दबोच लिया। पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
बिजली तार लगाने को लेकर गांव के अजीत नारायण (47) पुत्र अमर सिंह व अरुण पटेल पुत्र हरीचरण सिंह के बीच पुराना विवाद था। बुधवार की रात तार जोेड़ने के संबंध में दोनों पक्ष के बीच विवाद शुरू हो गया। निपटाने के लिए अजीत नारायण, पुत्र नवनीत (30) व पड़ोसी हरीशंकर (45) पुत्र रामखेलावन घर के बाहर चारपाई पर बैठे थे।
तभी अरुण पटेल तेज गति से ट्रैक्टर लेकर आया और उन पर चढ़ा दिया। इससे मौके पर ही हरीशंकर की मौत हो गई। अजीत व नवनीत घायल हो गए। चारपाई चकनाचूर हो गई। गुस्साए ग्रामीणों ने अरुण की जमकर पिटाई की।
इससे वह भी घायल हो गया। पुलिस आनन-फानन में घायलों को सीएचसी लाई, जहां डाक्टरों ने दोनों को जिला अस्पताल रेफ र कर दिया। शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया है।