चित्रकूट। सदर कोतवाली क्षेत्र के बेड़ी पुलिया के पास शनिवार सुबह ऑटो और बाइक की टक्कर में एक श्रद्धालु की मौत हो गई। इस हादसे में 11 अन्य श्रद्धालु घायल हो गए, उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कोतवाल दुर्ग विजय सिंह ने बताया कि बांदा जिले के कमासिन थाना क्षेत्र के पछौहां गांव निवासी उमेशचंद्र पांडेय (45) और बृजराज सिंह (30) बाइक से लौट रहे थे। रिलायंस पेट्रोल पंप के पास कर्वी से रामघाट की ओर जा रहे ऑटो से उनकी बाइक टकरा गई। बाइक गिरने के साथ ऑटो भी पलट गया।
हादसे में घायल बाइक सवार उमेशचंद्र पांडेय को अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया, साथी बृजराज सिंह घायल हो गए। वहीं ऑटो में सवार कानपुर के अजय कुमार, दिनेश, मनीष, ललितपुर के अनिकेत, उनकी पत्नी कविता देवी, शिवबली, कोलकाता के मृदुला चौधरी, अंजना राज चौधरी, कमलेश, रूपाली और संजय समेत 11 श्रद्धालु घायल हैं। सभी घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। पछौहां निवासी बृजराज सिंह ने बताया कि उमेश के दो बेटा ओमप्रकाश, यतेंद्र व तीन बेटी लक्ष्मी, सुषमा व रिचा हैं। दोनों बाइक सवार शुक्रवार की शाम को घर से निकले थे। कोतवाल ने बताया कि बाइक व ऑटो सवार अमावस्या मेला पर धर्मनगरी आए थे। यहां हादसे का शिकार हो गए।