चित्रकूट। वृद्धा और विधवा पेंशन पाने वाले 44 हजार 697 लाभार्थियों को पांच महीने से पेंशन नहीं मिली है। एक हजार रुपये की इस छोटी-सी मदद से घर चलाने वाले बुजुर्ग अब आर्थिक तंगी से जूझ रहे हैं।
कई लाभार्थी उधार लेकर गुजारा कर रहे हैं तो 80 साल पार कर चुकीं बुजुर्ग महिलाएं भी गांवों से आकर समाज कल्याण विभाग में पेंशन की गुहार लगा रही हैं। विभाग में हर बार उन्हें एक ही जवाब मिल रहा है कि शासन की तरफ से पेंशन भेजी नहीं जा रही है। जब भेजी जाएगी तो खाते में आ जाएगी। लाभार्थियों का कहना है कि एक हजार रुपये में वैसे भी बड़ी मुश्किल से काम चलता था अब वह भी पांच महीने से बंद है।
केस-1:
फोटो 19 सीकेटीपी 12 भूरी देवी, खोही। संवाद
उधारी से काम चला रहे
खोही गांव की रहने वाली भूरी देवी ने बताया कि अप्रैल से वृद्धा पेंशन नहीं मिली। इसी एक हजार रुपये से दवा-रोटी और रोज का खर्च चलता था। अब पड़ोसियों से लेकर काम चलाना पड़ रहा है। समाज कल्याण विभाग में पूछने पर कहा गया कि चिंता मत करो, कुछ दिनों में खाते में पहुंच जाएगी।
फोटो 19 सीकेटीपी 13 गोरा देवी, संग्रामपुर। संवाद
अप्रैल से पेंशन नहीं मिली
संग्रामपुर की गोरा देवी ने बताया कि अप्रैल से पेंशन नहीं मिली। दो बार जानकारी लेने आ चुकी हैं तीसरी बार आई हैं। विभाग में कहा जा रहा है कि शासन नियमों में परिवर्तन कर रहा है इसलिए देरी हो रही है। लाभार्थियों का कहना है कि एक हजार रुपये में वैसे भी मुश्किल से घर चलता था, अब पांच महीने से वह भी बंद है तो भूखे मरने की नौबत आ गई है।
बोले जिम्मेदार
जल्द खाते में पहुंचेगी धनराशि
शासन द्वारा नियमों में परिवर्तन के चलते पेंशन रुकी थी। अब धनराशि भेजना शुरू कर दिया गया है। बहुत जल्द सभी 44,697 लाभार्थियों के खाते में पेंशन पहुंच जाएगी।- वैभव त्रिपाठी, जिला समाज कल्याण अधिकारी।