चित्रकूट इंटर कालेज के राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई का कछारपुरवा मजरा
कोलगदहिया में सात दिवसीय विशेष शिविर मंगलवार से शुरू हो गया। मुख्य अतिथि
सांसद भैरो प्रसाद मिश्र ने कहा कि इस योजना से राष्ट्र की सेवा के साथ
साथ बच्चों के व्यक्तित्व का विकास होता है।
शिविर का उद्घाटन सांसद मिश्र ने मां
सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन से किया। उन्होंने कहा
कि बच्चे राष्ट्र की धरोहर हैं। भारत सरकार का युवा कार्यक्रम एवं खेल
विभाग युवाओं को प्रोत्साहित करने में अपनी अहम भूमिका निभाता है। ग्राम
प्रधान रामखेलावन ने भी बच्चों की सराहना की।
कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना
बच्चों में राष्ट्रप्रेम की भावना जागृत करती है। प्राथमिक विद्यालय के
प्रधानाध्यापक अशोक सिंह पटेल ने स्वच्छता अभियान को लेकर बच्चों के कामों
को सराहा।
कार्यक्रम अधिकारी लालमन ने कहा कि सात दिन तक बच्चे इस गांव में
साफसफाई और अन्य काम करेंगे। इस मौके पर प्रेमपाल सिंह, मन्नूलाल, सतीश
कुमार, रामनरेश, राजबहादुर, कल्लू प्रसाद, शंकर प्रसाद, रामबचन सिंह आदि
मौजूद रहे।