रामनगर ब्लाक के रगौली गांव में खसरे से हुई मौतों के
बाद मानिकपुर के डोडा माफी में इस बीमारी के फैलने की खबर है। गांव वाले
जहां एक महिला की खसरे से मौत की बात कह रहे हैं, वहीं मानिकपुर सीएचसी के
चिकित्साधीक्षक डा. राजेश सिंह का कहना था कि महिला का ब्लड प्रेशर हाई हो
गया था, इस वजह से उसका हार्टफेल हो गया।
डोडा माफी गांव में खसरा
फैलने की खबर है। बताया जाता है कि यहां की चमेलिया (55) पत्नी शिवपाल की
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज के दौरान शुक्रवार को मौत हो गई। गांव
के मनमोहन (15) पुत्र रामजी का इलाज मझगवां (मप्र) में कराया जा रहा है।
ग्रामीणों
ने बताया कि इसके अलावा ओमदत्त, पानबाई, लक्ष्मी, राजकुमार, सोनू, विनीता
समेत कई लोग अभी भी गांव के झोलाछाप के भरोसे हैं। उधर, जब इस संबंध में
मानिकपुर स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्साधीक्षक से बात की गई तो उन्होंने इस
बीमारी के फैलने से अनभिज्ञता जताई।
बताया कि चमेलिया अस्पताल आई
थी तो उसका ब्लड प्रेशर हाई था। इस वजह से उसका हार्टफेल हो गया, जिससे
उसकी मौत हो गई। बताया कि वे गांव में पता कराएंगे और अगर खसरे का प्रकोप
हुआ तो चिकित्सकों को भेजा जाएगा।