फोटो 29सीकेटीपी 02 केजीबीवी परिसर में लगाए गए ओपेन जिम के उपकरण। संवाद
- फोटो : बोर्ड बैठक के दौरान मंचासीन सभापति महापौर व नगर आयुक्त। संवाद
चित्रकूट। चार कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में अध्ययनरत छात्राओं को अब तनावमुक्त माहौल मिलेगा। इन विद्यालयों में छात्राओं के मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के लिए ओपन जिम और लोक संगीत के वाद्य यंत्रों की व्यवस्था की गई है। यह पहल बेटियों को तनाव से दूर रखने और उन्हें सेहतमंद बनाने के उद्देश्य से की जा रही है।
जिन चार कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में यह सुविधा उपलब्ध कराई गई है, उनमें शिवरामपुर, मानिकपुर, पहाड़ी और मऊ स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय शामिल हैं। इन संसाधनों की उपलब्धता से छात्राओं की दैनिक दिनचर्या अधिक सुव्यवस्थित होगी। साथ ही, विद्यालय की कार्यप्रणाली में दक्षता आएगी।
बीएसए बीके शर्मा ने बताया कि यह पहल छात्राओं के शैक्षिक वातावरण को सुदृढ़ करने में सहायक सिद्ध होगी। बताया कि ओपन जिम की सुविधा से छात्राएं शारीरिक व्यायाम कर सकेंगी, जिससे उनका स्वास्थ्य बेहतर होगा। शारीरिक गतिविधियों से उनकी ऊर्जा का सही उपयोग होगा और वे अधिक सक्रिय महसूस करेंगी।
लोक संगीत के वाद्य यंत्रों के माध्यम से वे अपनी रचनात्मकता को निखार सकेंगी और मनोरंजन भी कर सकेंगी। संगीत तनाव कम करने और मन को शांत रखने में सहायक होता है। शारीरिक गतिविधियों और संगीत के माध्यम से उन्हें मानसिक रूप से भी सशक्त बनाया जाएगा।