खोह गांव में ग्राम पंचायत सदस्यों की बैठक में बोलते लवकुश कुमार।
- फोटो : अमर उजाला
भौंरी (चित्रकूट)। प्रदेश सरकार ने प्रधानों को मानदेय के साथ ही कई सुविधाएं देने की मंजूरी दी तो ग्राम पंचायत सदस्यों ने भी संगठन बनाकर सरकार के सामने कई मांगे रख दी हैं। इनका कहना है कि ग्राम विकास में उनको बराबर का महत्व दिया जाए, जो अभी तक नहीं मिल रहा है। मानदेय के साथ यात्रा भत्ता भी दिलाने की मांग की है।
सोमवार को सदर ब्लाक के खोह गांव में जिले भर के ग्राम पंचायत सदस्यों की बैठक हुई। इसमें प्रस्ताव रखा गया कि गांव में 50 हजार तक के कार्य कराने का अधिकार सदस्यों को मिलना चाहिए। वेतन न सही तो मानदेय व भत्ता दिलाया जाए। ग्रामसभा की बैठक में हर सदस्य को सूचना दी जाए। बैठक में तय हुआ कि मांगों का प्रस्ताव मुख्यमंत्री को भेजा जाएगा। इस मौके पर लवकुश कुमार, महेश यादव, मुलायम सिंह, देवेंद्र कुमार, अच्छेलाल, मायादेवी, सुमन व रेनू सिंह मौजूद रहीं।