मानिकपुर। रानीपुर टाइगर रिजर्व में रविवार से पर्यटकों के लिए सफारी सेवा शुरू हो गई है। एक सफारी ट्रिप के लिए प्रति व्यक्ति करीब तीन हजार रुपये खर्च करने होंगे।
रविवार को रानीपुर टाइगर रिजर्व के क्षेत्र निदेशक डॉ. मनोज कुमार शुक्ला ने हरी झंडी दिखाकर सफारी सेवा का शुभारंभ किया। इसके साथ ही पर्यटकों के लिए जंगल भ्रमण का रास्ता खुल गया है। वन विभाग ने सफारी वाहनों की व्यवस्था की है।
पर्यटक निर्धारित मार्गों पर वाहनों से जंगल की सैर कर सकेंगे। पर्यटकों के लिए मारकुंडी स्थित डाक बंगले में कॉटेज भी तैयार किए गए हैं। यहां पर्यटक रात में ठहरकर जंगल के प्राकृतिक वातावरण का आनंद ले सकेंगे। सफारी और ठहरने की सुविधा शुरू होने से रानीपुर टाइगर रिजर्व में पर्यटन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
सफारी शुरू होने से मानिकपुर, मारकुंडी और आसपास के गांवों में पर्यटन गतिविधियां बढ़ सकती हैं। पर्यटकों की आवाजाही से स्थानीय होटल, ढाबा, परिवहन और अन्य कारोबार को भी लाभ मिलेगा।
शुभारंभ के अवसर पर उप निदेशक प्रत्युष कटियार, सहायक वन संरक्षक राजीव रंजन, वन्यजीव प्रतिपालक गोविंद प्रसाद, क्षेत्रीय वन अधिकारी मानिकपुर प्रथम सुशील श्रीवास्तव, द्वितीय राजेश कुमार, मारकुंडी प्रथम मनोज यादव, द्वितीय बीपी सिंह, बरगढ़ के राजेंद्र नेगी, नफीस खां, दादू भाई इंटर कॉलेज के विद्यार्थी और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।