विधानसभा चुनाव के लिए अधिकतर पार्टियों ने अपने प्रत्याशी घोषित कर दिए हैं। इसके साथ ही अब नामांकन की तैयारियां की जा रही हैं। नामांकन के लिए प्रत्याशी नो ड्यूज समेत विभिन्न कागजात बनवाने में जुटे हैं। कुछ नामांकन के लिए पंडितों से शुभ मुहूर्त भी निकलवा रहे हैं। वहीं, चित्रकूट व कर्वी विधानसभा से भाजपा के प्रत्याशियों के एक साथ 4 फरवरी को नामांकन करने की बात कही जा रही है। वहीं सपा कांग्रेस गठबंधन के पाद इन दानों पार्टियों के संयुक्त दावेदार भी जल्द ही नामांकन करेंगे।
गौरतलब है कि जिले में चौथे चरण के लिए 23 फरवरी को वोट डाले जाएंगे। इसके लिए नामंाकन प्रक्रिया 30 जनवरी से कलेक्ट्रेट परिसर में शुरु होगी। नामांकन तारीख नजदीक आने के साथ ही प्रत्याशियों ने इसकी तैयारियां शुरू कर दी हैं। नो ड्यूज के साथ ही वोटर लिस्ट व अन्य जरूरी कागजात तैयार कराए जा रहे हैं। बैंक, कचहरी व कलेक्ट्रेट कार्यालय के आसपास प्रत्याशियोें व उनके समर्थकों की भीड़ दिखती हैं। वहीं, नामांकन में अपनी ताकत दिखाने के लिए अधिक से अधिक भीड़ जुटाने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं प्रत्याशी अपने विरोधियों को भी अपने पाले में लाने के लिए प्रयासरत हैं।
गेट पर देनी होगी तलाशी
चित्रकूट। जिला निर्वाचन अधिकारी मोनिका रानी ने बताया कि दोनों विधान सभा सीट के लिए कलेक्ट्रेट परिसर में अलग-अलग दो काउंटर बनाए गए हैं। यहीं से नामांकन और पर्चा बिक्री का काम 30 जनवरी से शुरू होगा। सुरक्षा के लिए पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं। कलेक्ट्रेट गेट के अंदर जाने वालों को पहले गेट पर तलाशी देनी पड़ेगी। दोनों काउंटर पर अलग-अलग रिटर्निंग आफीसर बनाए गए हैं।