दो दिवसीय दौरे पर आए नोडल अधिकारी ने सोमवार को अधिकारियों के साथ बैठक कर विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। निर्माणाधीन विकास भवन की दीवार आदि खराब मिलने पर कार्यदायी संस्था के अधिकारियों को फटकार लगाई। माडल स्कूल के निर्माण की जांच के लिए टीएसी टीम गठित करने के निर्देश दिए। नोडल अधिकारी अमित कुमार घोष ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्यमंत्री के प्राथमिकता वाले कार्यों की समीक्षा की।
उन्होंने सीएमओ, बीएसए और डीआईओएस को निर्देश दिए कि माइक्रो प्लान तैयार कर कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में शौचालयों का निर्माण कराएं। ऊंचाडीह, हरदीकलां, सरधुवा और मानिकपुर में निर्माणाधीन माडल स्कूलों की जांच के लिए टीएसी टीम गठित करने के निर्देश दिए। चेतावनी दी कि जांच में सहयोग ने करने पर कार्यदायी संस्था के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराएं।
उन्होंने अधिकारियों से गोद लिए गांवों में लगातार भ्रमण और निरीक्षण को कहा। बताया कि पहली से 30 जून तक जिले में बाल स्वास्थ्य पोषण अभियान चलाया जाए। बैठक के बाद नोडल अधिकारी ने निर्माणाधीन विकास भवन और रेलवे ओवर ब्रिज का निरीक्षण किया।
विकास भवन की दीवार, फर्श और प्लास्टर आदि घटिया मिलने पर कार्यदायी संस्था अधिकारियों को फटकार लगाई। उन्हें दोबारा निर्माण के निर्देश दिए। सेतु निगम अधिकारियों को दो माह के अंदर निचले स्तर पर पुल शिफटिंग और लाइन आदि कार्य पूरे कराने के निर्देश दिए। इस मौके पर जिलाधिकारी नीलम अहलावत, सीडीओ मुजाहिदुल अहसन समेत सभी जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।