चित्रकूट/भरतकूप। भरतकूप की पत्थर खदानों मेें मजदूरी के बदले किशोरियों के यौन शोषण मामले में मानवाधिकार की टीम ने अंतिम दिन पुलिस अधिकारियों से पूछताछ की। दोपहर को टीम दिल्ली रवाना हो गई। इस दौरान पत्रकारों से बातचीत में टीम सदस्य ने कहा कि चार दिन जांच की रिपोर्ट राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के मुख्यालय में सौंपी जाएगी। टीम ने निष्पक्ष होकर जांच का प्रयास किया है।
मानवाधिकार आयोग टीम के सदस्य इसम सिंह, लाल बहादुर (लाल बहार) व भावना जिले में चार दिन तक रहे। शुक्रवार को अंतिम दिन अधिकारियों और भरतकूप की पत्थर खदानों, क्रशर मिलों में काम करने वाले मजदूरों की बस्ती में जाकर पूछताछ की। चार दिन में क्रशर मालिकों व सामाजिक संस्थाओं के कार्यकर्ताओं सहित प्रशासन और पुलिस अधिकारियों से यौन शोषण सहित अन्य मामलों पर पूछताछ की गई। शुक्रवार को दिल्ली रवानगी के पूर्व टीम के इसम सिंह ने पत्रकारों से बातचीत की। कहा, जांच रिपोर्ट जल्द राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के मुख्यालय सौंपी जाएगी। साक्ष्य और लोगों के बयान की बाबत जानकारी नहीं दी।