खोही (चित्रकूट)। बिहारा ग्राम पंचायत के निबुहा पुरवा मौर्या मोहल्ला समेत आसपास की बस्तियों में पिछले एक माह से बिजली नहीं आ रही है। फॉल्ट के कारण सैकड़ों घरों में अंधेरा पसरा है। ग्रामीणों की शिकायत पर भी विभाग गंभीर नहीं है।
स्थानीय निवासी तीरथ मौर्य, नंदन मौर्य, मुखलाल, शहाबुद्दीन और कल्लू खान ने बताया कि बस्ती को खोही उपकेंद्र से आपूर्ति मिलती है। लाइन के तार जर्जर हो चुके हैं। आए दिन तार टूट जाता है। शिकायत करो तो कर्मचारी बड़ी मुश्किल से एक बार जोड़ते हैं फिर दोबारा देखने नहीं आते। दिन तो जैसे-तैसे कट जाता है लेकिन रात में घरों में कीड़े-मकोड़ों और अंधेरे का डर सताता है। बच्चे पढ़ नहीं पा रहे, मोबाइल चार्ज करना भी मुश्किल हो गया है।
ग्रामीणों ने मांग की है कि जर्जर तारों को बदलकर नई लाइन डाली जाए और नियमित आपूर्ति बहाल की जाए। अवर अभियंता सीताराम ने बताया कि जर्जर तार से फॉल्ट की समस्या बनी हुई है। एस्टीमेट बनाकर जल्द नई तार बदलने का काम कराया जाएगा और आपूर्ति सुचारू की जाएगी।